
जिला कांग्रेस ने किल्लोद ब्लाक,सुलगाव क्षेत्र के किसानों की समस्या को लेकर जिला विपणन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
खंडवा/
जिला कांग्रेस कमेटी खंडवा के अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी के नेतृत्व में जिला विपणन अधिकारी श्वेता सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांधाता विधानसभा क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही खाद उपलब्धता की समस्या से अवगत कराया गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि मांधाता विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 30 हजार किसान कृषि कार्यों से जुड़े हुए हैं, लेकिन क्षेत्र में पर्याप्त खाद विक्रय केंद्र उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण किसानों को खाद लेने के लिए हरसूद, छनेरा,मुंदी जैसे दूरस्थ केंद्रों तक जाना पड़ता है, जो कई स्थानों से 70 से 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। इससे किसानों का समय और धन दोनों व्यर्थ होता है तथा उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने मांग करी कि किसानों की सुविधा एवं कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए जिले के किल्लोद ब्लाक,सुलगाव क्षेत्र के उचित स्थानों पर नए खाद विक्रय केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके और उन्हें लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा और प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा करता है।











