सूरजपुर जिले में 10 नए प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित करने आवेदन आमंत्रित
सूरजपुर/06 अप्रैल 2026/ जिला परिवहन कार्यालय सूरजपुर द्वारा जिले के अंतर्गत स्थित पेट्रोलियम कंपनियों के डीजल, पेट्रोल एवं सीएनजी पंपों पर कुल 10 स्थानों पर नवीन प्रदूषण जांच केंद्र (पीयूसी) स्थापित किए जाने हेतु इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कार्यालय परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा जारी प्रावधानों के अनुसार यह केंद्र स्थापित किए जाएंगे। स्वीकृत 10 रिक्तियों का विकासखंडवार आवंटन इस प्रकार है – सूरजपुर में 3 (सूरजपुर, बिश्रामपुर, सिलिफिली), प्रतापुर में 2 (प्रतापुर, जरही), ओड़गी में 1 (चांदनी बिहारपुर), प्रेमनगर में 1, भैयाथान में 2 (भैयाथान, भटगांव) तथा रामानुजनगर में 1।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज कृ आवेदक की आयु आवेदन की तारीख को 18 वर्ष से कम न हो तथा हाईस्कूल या हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण हो। प्रदूषण जांच केंद्र संचालन हेतु आवेदक या उसके कर्मचारी के पास आईटीआई का मैकेनिक (डीजल), मैकेनिक (मोटर यान) प्रमाण पत्र या समतुल्य प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही स्मोक मीटर (प्रिंटर सहित), गैस एनालाइजर (प्रिंटर सहित) एवं यानों की ट्यूनिंग हेतु आवश्यक उपकरण रखना होगा। मोटर वर्कशॉप, मोटर सेवा केंद्र संचालकों तथा राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त डिप्लोमा या डिग्रीधारी कर्मचारी वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के आवेदकों तथा शासकीय ऋण योजनाओं के लाभार्थियों को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
शुल्क – आवेदन शुल्क 300 रूपये, प्राधिकार पत्र प्राप्त करने के लिए आरक्षित वर्ग हेतु 3,000 रूपये तथा अन्य के लिए 5,000 रूपये देय होगा।
इच्छुक आवेदक नियत तिथि पर जिला परिवहन कार्यालय सूरजपुर में आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए जिला परिवहन कार्यालय सूरजपुर में संपर्क किया जा सकता है।









