
दिनांक : 28 मई 2026/ सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अंतरराज्यीय नशीले इंजेक्शन तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एविल एवं रेक्सोजेसिक इंजेक्शन, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त
सूरजपुर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे विशेष “नशा मुक्ति अभियान” के तहत पुलिस चौकी बसदेई एवं थाना सूरजपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन के अंतरराज्यीय अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन जब्त किया है।
मुखबिर सूचना पर की गई घेराबंदी
दिनांक 14.05.2026 को चौकी बसदेई की पेट्रोलिंग टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भ्रमण एवं सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थों की बड़ी खेप खपाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा बसदेई-उचडीह-लोधिमा मार्ग तथा सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष घेराबंदी की गई।
इसी दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर हाथ में झोला लिए एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गवाह प्रेमचंद ठाकुर एवं रविंद्र राजवाड़े की उपस्थिति में उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मदनेश्वर प्रसाद पिता स्व. रामरतन, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोनपुर, चौकी बसदेई, थाना सूरजपुर बताया।
झोले से मिले भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन
गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के पास रखे कत्थई रंग के झोले की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपी उक्त इंजेक्शनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस अथवा अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में हुआ अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी मदनेश्वर प्रसाद से सघन पूछताछ करने पर एक बड़े अंतरराज्यीय नशीले इंजेक्शन तस्करी रैकेट का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि यह प्रतिबंधित इंजेक्शन उसने मुख्य सरगना अख्तर रजा पिता अलीफ मोहम्मद, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोनपुर के कहने पर रीवा (मध्य प्रदेश) स्थित “विद्या भूषण मेडिकल स्टोर” से अवैध रूप से खरीदे थे।
आरोपी ने स्वीकार किया कि अख्तर रजा द्वारा उसे ₹20,000 अग्रिम राशि दी गई थी तथा पूर्व में भी कई बार रीवा से नशीले इंजेक्शन लाकर स्थानीय युवाओं एवं छोटी दरगाह के आसपास ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
मुख्य आरोपी अख्तर रजा गिरफ्तार
मदनेश्वर प्रसाद से प्राप्त पुख्ता जानकारी के आधार पर थाना जयनगर क्षेत्र अंतर्गत फोकटपारा में छिपे मुख्य आरोपी अख्तर रजा को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी अख्तर रजा ने स्वीकार किया कि दिनांक 13.05.2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CS 0217 से मदनेश्वर प्रसाद को रेलवे स्टेशन तक छोड़ा था।
जब्त मशरूका का विवरण
पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान निम्न सामग्री जब्त की गई—
* 50 नग नशीले Avil इंजेक्शन (10 एमएल क्षमता)
* 50 नग नशीले Rexogesic इंजेक्शन (2 एमएल क्षमता)
* 01 नग पैशन प्रो मोटरसाइकिल
(क्रमांक CG 16 CS 0217)
* 01 नग रेडमी कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन
दर्ज अपराध एवं कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध थाना सूरजपुर में
अपराध क्रमांक 320/2026
धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके संवैधानिक अधिकारों से अवगत कराया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। माननीय विशेष न्यायाधीश (NDPS), सूरजपुर द्वारा आरोपियों को दिनांक 11.06.2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मामले में रीवा (मध्य प्रदेश) स्थित “विद्या भूषण मेडिकल स्टोर” के संचालक को सह-आरोपी बनाया गया है, जो वर्तमान में फरार है। उसकी गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील
सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कार्रवाई में शामिल
इस संपूर्ण कार्रवाई में पुलिस चौकी बसदेई, थाना सूरजपुर के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई को सफल बनाया गया।












