
तमनार – सावित्री नगर में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया बोइत बंदानो दीपदान का महापर्व।
त्रिलोक न्यूज जिला रायगढ़ संवाददाता – रमेश चौहान
सावित्री नगर कॉलोनी, तमनार में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बोइत बंदानो (दीपदान महापर्व) बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह पर्व आस्था, प्रकाश और पारंपरिक उत्सव की अद्भुत संगम-धारा है।
हिंदू धर्मग्रंथों के अनुसार, कार्तिक मास में दीपदान, स्नान और दान का अत्यंत महत्व बताया गया है। इसी परंपरा को जीवंत रखते हुए, सावित्री नगर के श्रद्धालुओं ने इस पर्व को धार्मिक उल्लास और सामूहिक सद्भाव के साथ मनाया।
भोर से ही तालाब परिसर में भक्तों की चहल-पहल देखने योग्य थी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना, दीप सज्जा और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। रंग-बिरंगी नावों और जगमगाते दीपों से तालाब का दृश्य नयनाभिराम हो उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रवाहित कर अपने अंतर की नकारात्मकता का त्याग और शुभ कर्म के संकल्प का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सभी ने अन्नदान, वस्त्रदान कर पुण्यलाभ अर्जित किया और भगवान विष्णु की आराधना के पश्चात महाप्रसाद का सामूहिक आयोजन किया गया। इस आयोजन ने न केवल आस्था को उज्जवल किया, बल्कि सामुदायिक एकता और संस्कृति की जीवंत परंपरा को भी सशक्त किया।
इस भव्य आयोजन को सुभाष बेहरा, हेमंत पात्रा, जनता बेहरा एवं प्रदीप परेड़ा के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। कार्यक्रम में गणेश महाराणा, समर प्रधान, अमरेश जैना, बी.आर. परेड़ा, विनोद पोथाल और मिनकेतन नायक की विशेष भूमिका रही। इस आयोजन की जानकारी डॉ. अजय पटनायक ने प्रदान की।








