
‘छात्रों की गूंज’ की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक


जिला प्रभारी रामकिशोर दोगने सहित विधानसभा प्रभारी हुए शामिल,
खंडवा से दस हजार लोगों को इंदौर ले जाने का लक्ष्य, छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह
“सर्कस” बयान पर दोगने का तीखा प्रहार,भाजपा के लोगो को नचाने के लिए आ रहे है राहुल गांधी जी
राहुल जी के कार्यक्रम से एक दिन पूर्व इंदौर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और आरएसएस प्रमुख का दौरा भाजपा की बौखलाहट “उत्तमपाल सिंह”
खंडवा/
इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार 15 सितंबर को गांधी भवन में जिला कांग्रेस की समीक्षा बैठक हुई। जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि बैठक में जिला कांग्रेस प्रभारी एवं हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह सहित विधानसभा प्रभारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यक्रम को लेकर ब्लॉकवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
मीडिया से चर्चा करते हुए जिला प्रभारी डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर पूरे प्रदेश में युवाओं में उत्साह है। खंडवा जिले के ग्रामीण क्षेत्र में करीब दस हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जबकि शहर के रजिस्ट्रेशन अलग हैं। अगले पांच दिनों में यह संख्या 15 से 20 हजार तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि खंडवा से करीब दस हजार लोगों को इंदौर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से परीक्षा व्यवस्था, कथित परीक्षा घोटालों, महंगाई, रोजगार, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और फसल मुआवजे सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस की आवाज पूरे प्रदेश में पहुंचेगी और 2028 में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
“सांसद की ‘सर्कस’ टिप्पणी पर विधायक दोगने का तीखा पलटवार”
खंडवा सांसद द्वारा राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सर्कस बताए जाने पर डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि सांसद को विपक्ष के नेता के बारे में टिप्पणी करते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। राहुल गांधी छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के मुद्दों को लेकर इंदौर आ रहे हैं। यदि भाजपा नेताओं को यह कार्यक्रम सर्कस नजर आ रहा है तो यह उनकी राजनीतिक बौखलाहट है। जनता और युवा तय करेंगे कि असली मुद्दे कौन उठा रहा है और कौन केवल बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय मुद्दों की राजनीति में विश्वास रखती है, लेकिन भाजपा नेताओं को भी लोकतांत्रिक मर्यादा में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए।
दोगने जी ने मीडिया के सवाल पर कहा कि : उनके जैसे सर्कस में… इनके जैसे जानवरों को नचाने के लिए आ रहे हैं राहुल गांधी। जो बोल रहे हैं ना भाजपा के लोग, जो कि सर्कस-सर्कस बार-बार बोल रहे हैं ना, सर्कस में वो नचाने के लिए आ रहे हैं और वो नचाएंगे इनको! चाहे सांसद जी हों, चाहे विधायक जी हों, बोलने की तमीज होनी चाहिए। अगर वो विपक्ष के नेता हैं, तो उनका सम्मान करके सम्मानीय भाषा से बात करेंगे तो ज्यादा अच्छा, नहीं तो हम भी उसी भाषा में जवाब दे सकते हैं। तो इनको नचाने के लिए आ रहे हैं, सर्कस के ये… जानवरों को!
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में करीब दस हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और शहर के रजिस्ट्रेशन अलग हैं। बैठक में ब्लॉकवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राहुल गांधी के कार्यक्रम के प्रति युवाओं में उत्साह है और खंडवा से बड़ी संख्या में युवा इंदौर पहुंचेंगे। भाजपा नेताओं के बयानों पर उत्तमपाल सिंह ने कहा कि यदि युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से समझा जाता तो आज युवाओं को अपनी आवाज उठाने के लिए इस तरह के आंदोलन की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं उनकी राजनीतिक बेचैनी को दर्शाती हैं।उन्होंने कहा कि राहुल जी के कार्यक्रम से भाजपा में बोखलाहट साफ दिख रही है यही कारण है कि इंदौर में राहुल जी के कार्यक्रम के पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आरएसएस प्रमुख दौरा कर रहे है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने आरोप लगाया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा में घबराहट है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के इंदौर दौरे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की अनुमति को लेकर भी कई तरह की अड़चनें पैदा की गईं और आयोजन के लिए दस लाख रुपए जमा करवाए गए हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रभारी ,हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह,डॉ मुनीश मिश्रा,हरसूद विधानसभा प्रभारी राजेन्द्र रघुवंशी, मान्धाता विधानसभा प्रभारी सुहागमल विश्नोई, ओंकार पटेल,रुपाली बारे,कैलाश हरि पटेल,सुरेश पवार,सोभाग सांड,
ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष पवन पाटीदार,संजीव पटेल,केदार पाटीदार,शैतान सिंह,दिनेश पवार,बसंत पवार,सरोज बघेल,नादान सिंह,गिरवर सिंह राजपुत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौर ने किया एवं आभार संजय पाटीदार ने माना।












