
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने घर लाई मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा
खण्डवा। पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से खण्डवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने अपने परिवार के साथ पुरानी अनाज मंडी पहुंचकर मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा का क्रय किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार की गई मिट्टी की प्रतिमा को अपने घर लाया।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के उद्देश्य से खण्डवा जिले में पीओपी (POP) से निर्मित गणेश प्रतिमाओं पर प्रतिबंध है। इसी क्रम में विधायक कंचन मुकेश तनवे ने लोगों से पर्यावरण हितैषी मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं ही स्थापित करने का आग्रह किया।
इस दौरान विधायक ने ग्राम मालगांव से आए कारीगरों द्वारा गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाओं का भी अवलोकन किया और प्रतिमा निर्माण करने वाले भाइयों से चर्चा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने कहा कि पीओपी से बनी प्रतिमाएं पानी में आसानी से घुलती नहीं हैं और विसर्जन के बाद जलस्रोतों को प्रदूषित करती हैं। इससे पानी में रहने वाले जीव-जंतुओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए सभी नागरिक मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को ही अपने घर लाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मिट्टी की गणेश प्रतिमा का विसर्जन घर पर ही एक पात्र में जल लेकर किया जा सकता है। प्रतिमा के पूरी तरह घुलने के बाद उस जल को घर के पेड़-पौधों में डालें, जिससे गणेश प्रतिमा का विसर्जन भी श्रद्धापूर्वक हो और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे।
इस अवसर पर मुकेश तनवे सहित परिवारजन उपस्थित रहे।












