
गांधी भवन में शुभ मुहूर्त में हुई माटी के गणेश की स्थापना
कांग्रेस पदाधिकारियों ने अनाज मंडी से विधिवत खरीदी प्रतिमा, मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन-अर्चन
खंडवा/
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में सोमवार को शुभ मुहूर्त में विधिविधान के साथ भगवान श्री गणेश की स्थापना की गई। पंडित जी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के बीच गणेश प्रतिमा स्थापित कर कांग्रेसजनों ने विघ्नहर्ता से सुख-समृद्धि, शांति और सभी के कल्याण की कामना की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि गणेश जी की स्थापना से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के साथ आशी सिलावट, विकास व्यास, विशाल जैन और जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन अनाज मंडी पहुंचे। यहां शुभ मुहूर्त में माटी से निर्मित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा खरीदी गई। इसके बाद प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक गांधी भवन लाया गया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद स्थापना की गई।
इस अवसर पर प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। माटी के गणेश की स्थापना पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। गांधी भवन में गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह शाम गणेश जी की आरती होगी।
इस अवसर पर राजकुमार कैथवास,आलोक सिंह रावत,डॉ चैनसिंह वर्मा,डॉ शरद हरणे,मनोज मंडलोई,मुल्लू राठौर,यशवंत सिलावट,योगेश जांगिड़,भवनेश जोशी,आलोक सिंह रावत,राजू वडुर,देवराम सेन,वीरेंद्र गौतम,वकील नीलकंठ,प्रथम सुनगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।












