
हिन्दी दिवस पर इनरव्हील क्लब की विभिन्न स्तरों पर कौन बनेगा हिंदी ज्ञानपति प्रतियोगिता।
हिन्दी भाषा की शुद्धि एवं हिन्दी ज्ञान में वृद्धि हेतु प्रयासरत इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष सरोज जैन ने अपने क्लब के माध्यम से इनरव्हील मंडल 304 के 50 क्लबों के सदस्यों हेतु ऑनलाइन कौन बनेगा हिंदी ज्ञानपति प्रतियोगिता आयोजित की जिसमें हिन्दी शुद्ध लेखन एवं हिन्दी व्याकरण के वचन, लिंग, हिन्दी गिनती, शब्द व वाक्य शुद्धि ,विलोम शब्द जैसी छोटी-छोटी पर महत्वपूर्ण बातों व हिन्दी की बारीकियों को शामिल किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि आयोजित प्रतियोगिता में चेयरमेन आरती जैन, पीडीसी शशि गुप्ता, दीपा कचोलिया एवं विभिन्न क्लबों के 60 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। जिसमें मंदसौर क्लब से अंजना शुक्ला प्रथम, सागर सेंट्रल से प्रीति चौधरी द्वितीय एवं खंडवा स्पार्कल्स से चरणजीत सलूजा तृतीय पुरस्कार की हकदार बनीं।
इसी के साथ क्लब द्वारा खंडवा शहर में अंतर्विद्यालयीन स्तर पर हुई इस प्रतियोगिता में पदमनगर हाई स्कूल की प्राची वर्मा ने प्रथम, नाज परवीन ने द्वितीय एवं रोटरी स्कूल की महक निकम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विगत दो वर्षों से सरोज जैन द्वारा संचालित हिन्दी शुद्धि समूह में हुई इस प्रतियोगिता में सुनीता खटोड़ प्रथम, शीतल टोलिया द्वितीय व सुषमा सेठी तृतीय स्थान पर रहीं।।
अध्यक्ष ने सभी के हिन्दी प्रेम का अभिनंदन किया एवं हिन्दी ज्ञानपति बनने पर विजेताओं को बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि हम अपनी भाषा की शुद्धि एवं उसके अधिकतम प्रयोग के द्वारा उसके प्रति अपना सम्मान प्रकट कर सकते हैं। सभी ने इस प्रयास की अत्यंत सराहना करते हुए आगे भी इसे जारी रखने का आग्रह किया। चेयरमेन आरती जैन द्वारा मंडल में हिन्दी के लिए किए गए प्रयास की सराहना की गई।












