
*मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण, विद्यार्थियों ने सीखी पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमा बनाने की कला*

खंडवा। नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 27 स्थित भवानी माता वार्ड के ठक्कर बाबा स्कूल तथा वार्ड क्रमांक 03 स्थित सूरज कुंड वार्ड के गायत्री विद्यापीठ स्कूल में नगर निगम की IEC टीम द्वारा विद्यार्थियों को मिट्टी से गणेश जी की प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा तैयार करने की विधि समझाई गई तथा पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में सहभागिता करते हुए स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया सीखी।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता दें तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं हानिकारक रसायनों से निर्मित प्रतिमाओं के उपयोग से बचें। इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ जलस्रोतों एवं पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर निगम की IEC टीम द्वारा स्कूलों एवं विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।











