
खंडवा को संभाग मुख्यालय बनाने सहित विभिन्न जनहित मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

खंडवा संभाग, ओंकारेश्वर और किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला
जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला,खंडवा से अयोध्या तक के मुद्दों पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता
खंडवा को संभाग मुख्यालय बनाने को लेकर सरकार को घेरेगी कांग्रेस,करेंगे उग्र आंदोलन ,प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
खंडवा/
जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को दोपहर 4 बजे गांधी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश एवं जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए राज्य सरकार पर जनहित की अनदेखी का आरोप लगाया। पूर्व विधायक राजनारायण सिंह ने खंडवा को संभाग मुख्यालय बनाए जाने की मांग दोहराई और कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। संभाग मुख्यालय बनने से खंडवा सहित आसपास के जिलों के नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
पूर्व विधायक राजनारायण सिंह में अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में हुई चोरी की घटना पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना आवश्यक है और इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, इसके अलावा कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे जमीन घोटाले के आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि यदि आरोपों में सत्यता है तो सरकार को पारदर्शिता दिखाते हुए पूरे मामले की जांच करानी चाहिए।
मीडिया को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत मार्ग से जुड़े मामले को भी प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग के संरक्षण एवं विकास को लेकर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक विरासत की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उत्तमपाल सिंह ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि किसान बिजली, सिंचाई, फसल के उचित मूल्य, मुआवजा और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील नहीं है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनआंदोलन तेज करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा मैं भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों से ये पूछना चाहता हूँ कि पिछले लंबे समय से, सिर्फ एक बार 2009 से 2014 के बीच में कांग्रेस के सांसद रहे हैं। और सन 85 से सतत खंडवा और हरसूद में भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं, और खंडवा में और मांधाता में भी भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं।
यहाँ पर ओंकारेश्वर बांध, संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट. है ,यहाँ पर ब्रिटिश टाइम से ही खंडवा बहुत बड़ा जंक्शन है। सोलर की बिजली और खंडवा का एक पुराना जिले का इतिहास रहा है। पर वर्तमान में जो जनप्रतिनिधि हैं, जिनको खंडवा जिले की जनता ने जिताया और उनको ये विश्वास था कि ये खंडवा के लिए कुछ काम करेंगे। और जनता की ये मांग थी कि खंडवा का डेवलपमेंट हो और खंडवा संभाग बने।
पर जो सांसद हैं, विधायक हैं… ये लोग सिर्फ ये बोलते रहे कि हम प्रयास करेंगे, हम ये करेंगे। और इन्होंने कोई ठोस निर्णय लेते और मजबूती से अपनी बात अगर भोपाल लेवल पर रखते, तो ये खंडवा संभाग बनना बहुत बड़ा काम नहीं था। यदि शीघ्र ही संभाग बनाने वाले मामले को लेकर कोई निर्णय नहीं होता है तो कांग्रेस सरकार को घेरेगी और उग्र आंदोलन करेगी।
इसके साथ ही साथ, अभी किसान डीएपी और खाद के लिए भटक रहा है। ई-टोकन व्यवस्था पूरी तरह से फ्लॉप हो चुकी है। और अगर समय पर किसानों को खाद नहीं मिला, तो फिर उनकी फसल खराब होगी। उसकी जिम्मेदारी सरकार की और भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों की रहेगी। पहले ही उनको भाव नहीं दिला पाए और अब जो है उनको खाद ही नहीं दे पा रहे हैं।”
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित के प्रत्येक मुद्दे पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजनारायण सिंह,जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह,नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षद्वय विशाल जैन,इमरान गौरी,जिला संगठन मंत्री धर्मेंद्र सिंह राठौर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,मनोज मंडलोई सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।











