
विश्व योग एवं संगीत दिवस पर खंडवा में सजेगा संस्कृति और साधना का अनूठा संगम

ध्रुपद गायन, कथक नृत्य और तबला वादन से गूंजेगा किशोर कुमार सभागृह, देश के ख्यात कलाकार देंगे प्रस्तुति
खंडवा। विश्व योग एवं संगीत दिवस के अवसर पर 21 जून को खंडवा में कला, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत संचालित शासकीय संगीत एवं ललित कला महाविद्यालय, खंडवा द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराएंगे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि संगीत दिवस का कार्यक्रम का आयोजन सिविल लाइन स्थित किशोर कुमार सभागृह में किया जाएगा। आयोजन दो सत्रों में संपन्न होगा। प्रथम सत्र प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें भोपाल की प्रसिद्ध मूर्तिकार सुश्री गिरिजा वायंगणकर व्याख्यान एवं प्रदर्शन के माध्यम से कला के विविध आयामों पर प्रकाश डालेंगी।
वहीं द्वितीय सत्र में शाम 7 बजे से भव्य शास्त्रीय संगीत संध्या आयोजित होगी। इस अवसर पर ग्वालियर के सुप्रसिद्ध तबला वादक अविनाश राजावत अपनी लय और ताल की अनूठी प्रस्तुति देंगे। भोपाल के ध्रुपद गायक सुप्रियो माईत्रो एवं आकाश तिवारी भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्राचीन ध्रुपद परंपरा का सजीव प्रदर्शन करेंगे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इसके साथ ही नोएडा की कथक नृत्यांगना सुश्री प्रियंवदा सिंह अपनी भावपूर्ण एवं आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा पुलिस अधीक्षक अगम कुमार जैन उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केनरा बैंक खंडवा के मुख्य प्रबंधक आलोक कुमार होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अतुल शाह करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने जिले के कला प्रेमियों, संगीत रसिकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से इस सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, योग और शास्त्रीय संगीत की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रहेगा। आयोजकों ने नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने तथा इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।












