
चौपारण: जीटी रोड पर बारा महूदी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बारा निवासी रंजन कुमार सिंह (पिता बालेश्वर सिंह) की असामयिक मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सोमवार को विधायक मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पाण्डेयबारा स्थित सड़क निर्माण कंपनी के प्लांट का जोरदार घेराव किया।घेराव के दौरान विधायक ने कंपनी प्रबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सड़क पर जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढे रोजाना हादसों को दावत दे रहे हैं। उन्होंने प्रबंधन से दो टूक शब्दों में कहा कि पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए। विधायक के कड़े तेवर को देखते हुए कंपनी प्रबंधक बैकफुट पर आया और परिजनों को जल्द ही तय मुआवजा राशि भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके साथ ही जीटी रोड के गड्ढों को तुरंत भरने और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश भी दिया गया।
पीड़ित परिवार से मिले विधायक
प्लांट के घेराव के बाद विधायक मनोज यादव सीधे मृतक रंजन सिंह के पैतृक आवास बारा पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष सुधीर सिंह, समाजसेवी रामचंद्र सिंह, मनोज सिंह, पप्पू सिंह, संदीप सिंह, सुबोध सिंह, सियाराम सिंह, दीपक सिंह सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।













