झारखंड

चौपारण में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सिगरेट का बड़ा खेल, वर्णवाल स्टोर से 790 पैकेट जब्त; संचालक हिरासत में

 

चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड मुख्यालय स्थित वर्णवाल स्टोर में नामी कंपनी का फर्जी लेबल लगाकर नकली सिगरेट बेचने के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार को गोल्ड फ्लैक कंपनी के डिप्टी मैनेजर योगेश तोमर की गुप्त शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने दुकान में औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दुकान से गोल्ड फ्लैक ब्रांड के नाम पर धड़ल्ले से बेची जा रही 790 पैकेट नकली सिगरेट बरामद कर जब्त की गई।कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें पिछले काफी समय से चौपारण क्षेत्र में ब्रांड का अनधिकृत इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जाल बिछाया और वर्णवाल स्टोर में दबिश दी। जांच में बरामद सिगरेट के पैकेट पूरी तरह फर्जी पाए गए।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक राजेश कुमार उर्फ राजू वर्णवाल को हिरासत में ले लिया है और उससे थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस नकली सिगरेट की सप्लाई चेन कहां से जुड़ी है और इसके मुख्य सप्लायर कौन हैं।थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि ट्रेडमार्क और कॉपीराइट कानून के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। किसी भी प्रतिष्ठित कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली सामान बेचना एक गंभीर कानूनी अपराध है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की अन्य किराना और थोक दुकानों पर भी बिक रहे नकली व मिलावटी खाद्य पदार्थों की सघन जांच की जाए।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!