झारखंड

कस्तूरबा विद्यालय में पुलिस की पाठशाला, छात्राओं को दिए सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के टिप्स

चौपारण:प्रखंड के मानगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका +2 उच्च विद्यालय में छात्राओं को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, डायन कुप्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों और डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया गया।थाना प्रभारी पंकज कुमार ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न को चुपचाप सहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि ऐसी किसी भी स्थिति में वे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करें।इसके अलावा, उन्होंने नशे को समाज के लिए एक गंभीर दीमक बताते हुए छात्राओं से इससे दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की। वहीं अंधविश्वास और डायन कुप्रथा पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के कारण किसी भी निर्दोष को प्रताड़ित करना कानूनी अपराध है, ऐसी घटना दिखने पर तुरंत पुलिस को बताएं।वर्तमान डिजिटल युग में साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके साझा करते हुए थाना प्रभारी ने छात्राओं को अज्ञात फोन कॉल्स, मैसेज और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने आगाह किया कि अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या कोई भी निजी दस्तावेज कभी भी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। आपातकालीन स्थितियों के लिए उन्होंने हेल्पलाइन नंबर डायल 112 के महत्व को समझाया और कहा कि संकट के समय बिना घबराए पुलिस की मदद लें। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं को दूर किया गया, जिसके लिए विद्यालय प्रशासन ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!