खरगोनमध्यप्रदेश

सहकारी बैंक खरगोन की 77 वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

बैंक ने वर्ष 2025-26 में अर्जित किया 17.59 करोड़ का शुद्ध लाभ

सहकारी बैंक खरगोन की 77वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

 

वर्ष 2027-28 के लिए 418.41 करोड़ रुपये का बजट हुआ पारित

 

बैंक ने वर्ष 2025-26 में अर्जित किया 17.59 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

 

खरगोन त्रिलोक न्यूज़ –  14 सितंबर 2026। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की 77वीं वार्षिक साधारण सभा संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं बैंक प्रशासक श्री बी.एल. मकवाना के मुख्य आतिथ्य में कृष्णा होटल एवं रिसोर्ट में सम्पन्न हुई। बैंक की प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संध्या रोकड़े ने सभा में वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित लेखा विवरण प्रस्तुत किए। साथ ही वर्ष 2025-26 के स्वीकृत बजट में कम अथवा अधिक हुए व्यय की स्वीकृति ली गई तथा वर्ष 2027-28 के लिए 418.41 करोड़ रुपये का बजट सभा में पारित किया गया।

 

श्रीमती रोकड़े ने बैंक की वित्तीय गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक द्वारा बी-पैक्स के माध्यम से खरीफ एवं रबी सीजन में कृषक सदस्यों को 3,561.09 करोड़ रुपये का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया गया। खरगोन एवं बड़वानी जिले के अमानतदारों के बैंक के प्रति विश्वास के परिणामस्वरूप बैंक में 2,753.92 करोड़ रुपये की अमानतें हैं। बैंक द्वारा सदस्यों को पशुपालन एवं कार्यशील पूंजी ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। बैंक ने 31 मार्च 2026 की स्थिति में 17.59 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

 

उन्होंने बताया कि बैंक स्थापना वर्ष से ही निरंतर सदस्य संस्थाओं को लाभांश वितरित करता आ रहा है। इस वर्ष भी 299 लाख रुपये का लाभांश वितरित किया जाएगा। बैंकिंग व्यवसाय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए ग्राहकों एवं अमानतदारों को मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बैंक द्वारा स्वयं के एटीएम भी स्थापित किए गए हैं।

 

सभा को संबोधित करते हुए बैंक प्रशासक एवं संयुक्त आयुक्त सहकारिता श्री बी.एल. मकवाना ने कहा कि सदस्य संस्थाओं के सराहनीय सहयोग एवं मार्गदर्शन से बैंक आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होकर निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि आलोच्य वर्ष में 37 हजार से अधिक नए कृषकों को संस्था की सदस्यता प्रदान की गई है।

 

इस अवसर पर बैंक एवं संस्था के कर्मचारियों को विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए पुरस्कृत किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। श्रीमती रोकड़े ने नाबार्ड, अपेक्स बैंक, जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग, सदस्य संस्थाओं, कृषक सदस्यों एवं अमानतदारों द्वारा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

 

साधारण सभा में उपायुक्त सहकारिता खरगोन श्री के.आर. आवासे, सहायक आयुक्त सहकारिता बड़वानी श्रीमती योगिता वर्मा, सहायक आयुक्त सहकारिता बड़वानी (न्यायिक) श्री प्रदीप रावत, सहकारी निरीक्षक सहकारिता खरगोन श्री भूषण जड़े सहित श्री रविन्द्र महाजन, श्री ललित भावसार, श्री संजय शर्मा, श्री ओमप्रकाश रघुवंशी, श्री राजेश गुप्ता, श्री रूपक असरोदिया एवं विभिन्न संस्था प्रशासक/प्रबंधक उपस्थित रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!