
खंडवा जेसीआई ने आयोजित किया स्विमिंग कार्यक्रम, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
खंडवा। खंडवा जेसीआई द्वारा भंडारी पब्लिक स्कूल में पारिवारिक स्विमिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनिल बाहेती एवं नागेश वालंजकर उपस्थित रहे। अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत जेसीआई अध्यक्ष मनन सोनी एवं सचिव अनुज खंडेलवाल ने किया।
कार्यक्रम को सप्ताह संयोजक प्रिंस जिंदल, यथार्थ भंसाली, देवराज महोबिया, अनिरुद्ध सिंह राजावत, कार्तिक शाह एवं जतिन हिंगोरानी ने व्यवस्थित रूप से संचालित किया। कार्यक्रम के दौरान नागेश वालंजकर ने कहा कि “इस पारिवारिक आयोजन में हार-जीत नहीं होती, बल्कि जीत के साथ सीख भी मिलती है।” उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही।
कार्यक्रम संयोजक दक्ष अग्रवाल रहे। भंडारी पब्लिक स्कूल के कोच मुकुंद सिंह ठाकुर, ‘लहरों के राजा’ राजकुमार सिसोदिया एवं हरविंदर सिंह सचदेव ने स्विमिंग की लगभग 30 प्रतियोगिताएं आयोजित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों एवं परिवारों में खेल भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सचिव अनुज खंडेलवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया।













