
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने जारी किया QR Code आधारित फीडबैक फॉर्म

पुलिस कार्यालयों एवं थानों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल
खण्डवा, दिनांक — पुलिस अधीक्षक खण्डवा श्री अगम जैन द्वारा पुलिस कार्यालयों एवं थानों में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही पुलिस सेवाओं, कार्यप्रणाली एवं पुलिसकर्मियों के व्यवहार के संबंध में आमजन का फीडबैक प्राप्त करने के उद्देश्य से QR Code आधारित फीडबैक फॉर्म जारी किया गया है।
इस पहल के माध्यम से आमजन पुलिस कार्यालय अथवा थाने में प्राप्त सेवाओं के संबंध में अपने अनुभव एवं सुझाव सीधे फीडबैक फॉर्म के माध्यम से साझा कर सकेंगे। QR Code को स्कैन कर नागरिक पुलिस की कार्यप्रणाली, व्यवहार, सेवा की गुणवत्ता तथा अन्य संबंधित विषयों पर अपना फीडबैक दर्ज कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने बताया कि प्राप्त फीडबैक का उपयोग पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, कार्यप्रणाली को अधिक जनोन्मुखी बनाने तथा आमजन को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करना तथा नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।
खण्डवा पुलिस की अपील है कि आमजन पुलिस सेवाओं को बेहतर बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं और QR Code को स्कैन कर अपना बहुमूल्य फीडबैक एवं सुझाव अवश्य साझा करें।














