
माटी के गणेश निर्माण कार्यशाला में विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं शिक्षा विभाग की पहल, विद्यार्थियों ने सीखी पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमा बनाने की कला
खंडवा, 10 सितंबर 2026।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी खंडवा द्वारा शिक्षा विभाग जिला खंडवा के सहयोग से जूनियर रेडक्रॉस की जिलेभर की इकाइयों में ब्लॉक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से माटी के गणेश जी की प्रतिमा निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में गुरुवार को स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खंडवा में माटी के गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राओं सहित आसपास के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलवंत पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता वर्मा, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निशा तिवारी एवं श्री राजेश भंगाले, जुनियर रेडक्रॉस प्रभारी श्री केदारनाथ गंगराडे एवं विकासखंड नोडल श्री अनिल तायडे एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री अखिलेश गुप्ता, सचिव श्री भानुभाई पटेल, वाइस चेयरमैन श्री आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री विजय आर्य,पर्यावरण प्रभारी श्री हरिराम पांडेय एवं श्री धर्मेद्र जौहरी, प्रबंध कारिणी सदस्य श्री राधेश्याम कुशवाह, श्री योगेश कोटवाले, डॉ. आशीष पारे, श्री रवींद्र सिंह, श्रीमती अनिता चौहान उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को सर्वप्रथम मिट्टी को गूंथने एवं उसे प्रतिमा निर्माण के लिए तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके बाद क्रमवार एवं व्यावहारिक तरीके से मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा का निर्माण करना सिखाया गया। प्रशिक्षक श्री धर्मेंद्र जोहरी ने विद्यार्थियों को प्रतिमा के विभिन्न अंगों एवं आकार को तैयार करने की तकनीक का प्रशिक्षण दिया।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर एवं आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया। माटी के गणेश बनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के प्रति जागरूक करना तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं अन्य पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के स्थान पर प्राकृतिक मिट्टी के उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा।
सामूहिक संकल्प के साथ वृक्षारोपण
कार्यशाला के पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त रखने तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का संकल्प दोहराया।
इसके पश्चात विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि माटी के गणेश बनाना केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी पहल नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश भी है। बच्चों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने से उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं शिक्षा विभाग की यह पहल जिले के विभिन्न ब्लॉकों में जूनियर रेडक्रॉस इकाइयों के माध्यम से विद्यार्थियों को “माटी के गणेश—पर्यावरण संरक्षण का संदेश” देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।













