
*सद्भावना मंच ने पुलिस महानिदेशक के नाम एसपी को सौंपा ज्ञापन,थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग*
खंडवा। थाना प्रभारी निंबोला राहुल कामले पर खंडवा के समाजसेवी एवं व्यवसायी रणधीर जांगिड़ के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट करने के मामले में सद्भावना मंच ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।मंच की ओर से पुलिस महानिदेशक भोपाल एवं पुलिस महानिरीक्षक इंदौर के नाम ज्ञापन एड एस पी महेंद्र तारनेकर को सौंपा गया।
सद्भावना मंच के संस्थापक प्रमोद जैन ने बताया कि ज्ञापन में थाना प्रभारी राहुल कामले एवं मातादीन को निलंबित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसपी बुरहानपुर एवं डीआईजी खरगोन से भी चर्चा के बाद थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिसकर्मी को लाइन अटैच कर दिया। जो की अपर्याप्त है। सद्भावना मंच उसे निलंबित करने की मांग करता है। मंच ने पुनः वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है।
श्री जैन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की जा रही है।उन्होंने कहा कि पुलिस पर आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है। ऐसे में यदि किसी पुलिसकर्मी पर ही बर्बरता के आरोप लगते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि कथित मारपीट से संबंधित फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मंच ने इनकी जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन के दौरान सद्भावना मंच के संस्थापक प्रमोद जैन, सुरेंद्र गीते, ओम पिल्ले, अनूप शर्मा, गणेश भावसार, जगदीश चौरे, ललित चौरे, मनीष गुप्ता, दीपेश जांगिड़,कमल नागपाल सुभाष मीणा एवं कैलाश पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।













