
ओंकारेश्वर में गेट गिरने से बच्ची की मौत, कांग्रेस ने ठेकेदार-अधिकारियों पर एफआईआर की मांग की
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताई संवेदना, बोले—समय पर इलाज मिलता तो शायद बच जाती दिव्या
खंडवा/ओंकारेश्वर
शुक्रवार शाम को ओंकारेश्वर के कोठी हेलीपैड क्षेत्र में लोहे का गेट गिरने से चार वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में कांग्रेस ने प्रशासन की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। हादसे में लोहे के गेट के नीचे दबने से चार वर्षीय दिव्या पिता शंभू की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय यश पिता रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा में उत्तमपाल सिंह ने ओंकारेश्वर के सरकारी अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि बच्ची को समय पर समुचित उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने कलेक्टर से भी फोन पर चर्चा की है, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम के माध्यम से पीड़ित परिवार को अधिकतम संभव सहायता दिलाने की बात कही है।
उत्तमपाल सिंह ने कहा कि यदि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान यह गेट लगाया गया था तो उसकी मजबूती और गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की गई। मौके का निरीक्षण करने पर उन्हें गेट केवल एक लोहे की खूंटी/कब्जे,खिले के सहारे टिका हुआ दिखाई दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसा गेट दो-तीन बच्चों का वजन भी नहीं झेल सकता था। उन्होंने कहा कि गेट किसी बड़े व्यक्ति के ऊपर गिरता तो परिणाम और गंभीर हो सकते थे।
उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर में लगातार हादसे हो रहे हैं। पूर्व में सीवरेज के गड्ढे में बच्चे की मौत का मामला भी सामने आ चुका है। ऐसे में आगामी सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले सुरक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गंभीरता से समीक्षा जरूरी है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के साथ मंडलम अध्यक्ष चंद्रकांत माहिल्या, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सोनू बोरकर ,पार्षद नेता प्रतिपक्ष राजेश यादव, रामसिंह यादव, राकेश खाटरिया , दिलीप गवले, अनुराग जोशी, अनिल वर्मा, गुड्डू आदि कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।










