
हिंदी दिवस पर साहित्यिक विधाओं की कार्यशाला
खंडवा। हिंदी दिवस के अवसर पर मोती लाल नेहरू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खंडवा में विभिन्न साहित्यिक विधाओं पर आधारित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य मनीषा कास्बी के मार्गदर्शन में हुआ।
नवाचारी शिक्षिका हर्षा शर्मा ने विद्यार्थियों को साहित्य की विभिन्न विधाओं से परिचित कराया। हास्य कवि सुनील चौरे ‘उपमन्यु’ ने रचना-पाठ करते हुए हास्य के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य से जोड़ा तथा नेहरू स्कूल की 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा का वर्णन किया।
व्यंग्यकार अरुण सोनी ने अपनी तीखी व्यंग्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक विसंगतियों पर प्रहार किया। वहीं हिंदी शिक्षिका सुषमा श्रीवास्तव ने रौद्र रस में महाभारत के विभिन्न प्रसंगों की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों को भारतीय साहित्य और रस-विधा से परिचित कराया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रभारी उमा भाटे, माध्यमिक प्रभारी चंद्रकला चौधरी, भावना साध, चंद्रेश दीक्षित, सविता गौर सहित समस्त डी एड प्रशिक्षार्थी स्टाफ उपस्थित रहा। साहित्यिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति उत्साह और रुचि का संचार किया।
हिंदी दिवस का यह आयोजन भाषा, साहित्य, संस्कृति और विद्यालय की शताब्दी यात्रा का सुंदर संगम बन गया।










