कृष्ण जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को होगा भव्य मटकी फोड़ महोत्सव
केवल राम चौराहा पर रात 9 बजे आयोजन, गोविंदा टोलियों के लिए 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि
खंडवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर खंडवा में भव्य मटकी फोड़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं सांसद मित्र मंडल, खंडवा के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां की गई है समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ महोत्सव में शहर सहित आसपास की गोविंदा टोलियां उत्साह के साथ हिस्सा लेंगी।
रात 9 बजे शुरू होगा आयोजन
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों एवं मित्र मंडल के सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम 4 सितंबर को रात 9 बजे केवल राम चौराहा, खंडवा पर होगा। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में शामिल होने वाली गोविंदा टोलियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजन में प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये रखा गया है।
संगीत और रोशनी से सजेगा आयोजन स्थल
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मटकी फोड़ महोत्सव के दौरान संगीत, डीजे और रोशनी की विशेष व्यवस्था रहेगी। गोविंदा टोलियों के बीच मटकी फोड़ने को लेकर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। आयोजकों की ओर से धर्मप्रेमी नागरिकों और परिवारों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।
परिवार सहित पहुंचने की अपील
मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आस्था और उत्साह का पर्व है। इसी भावना के साथ मटकी फोड़ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर गोविंदा टोलियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया गया है।











