ताज़ा ख़बरें

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, प्रदेश सरकार का फूंका पुतला

खास खबर

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, प्रदेश सरकार का फूंका पुतला

ई-टोकन व्यवस्था, खाद उपलब्धता, पेयजल संकट सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ किया विरोध
खंडवा/पंधाना
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी पंधाना द्वारा सोमवार को पंधाना में अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर पहुचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया, किसानों एवं आमजन की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। पंधाना में जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा किसानों को हो रही परेशानियों के विरोध में सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि ज्ञापन सौंपने से पूर्व शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कहा कि खरीफ फसल की बुवाई का समय निकट है, लेकिन खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई किसानों के टोकन नहीं बन पा रहे हैं और जिनके बन रहे हैं उन्हें अलग-अलग स्थानों से खाद लेने के लिए भेजा जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ई-टोकन की अनिवार्यता समाप्त कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग प्रदेश सरकार से करती है।
श्री सिंह ने कहा कि इसके अलावा डीएपी (18:46:0) एवं यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, 12:32:16 सहित अन्य एनपीके ग्रेड खादों के बढ़े हुए दाम वापस लेने, पेट्रोल-डीजल, गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कमी करने तथा खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में पंधाना ब्लॉक के विभिन्न गांवों के लिए प्रस्तावित घावरिया माइक्रो लिफ्ट सिंचाई योजना को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने, क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट के समाधान हेतु प्रभावी कदम उठाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने की मांग की गई। कांग्रेस ने घरेलू उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के अनुसार बिजली बिल जारी करने तथा बढ़े हुए बिलों पर स्मार्ट मीटर थोपने की प्रक्रिया रोकने की भी मांग की।
ज्ञापन में देशभर में चर्चा का विषय बनी नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग भी शामिल रही।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव पटेल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष शाकिल खान,संगठन महासचिव धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ,भगवान सिंह सोलंकी,मनोज भरतकर,नूपुर जैन ,मुन्नी अप्पा ,सलीम खान ,सचिन बारे ,वकील पठान ,वीरेंद्र सिंह, सीताराम पटेल, खुमान सिंह, ,मनोज पटेल , सत्येंद्र सिंह ,यशराज सिंह सोलंकी,आशाराम ठाकुर,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों एवं आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!