CHHATTISGARH

डॉ. आर.एस. बघेल सेवानिवृत्त, 43 वर्षों की समर्पित सेवा का हुआ गरिमामय समापन

विकास कुमार सोनी

डॉ. आर.एस. बघेल सेवानिवृत्त, 43 वर्षों की समर्पित सेवा का हुआ गरिमामय समापन

सूरजपुर, 31 जनवरी 2026/ पशु चिकित्सा विभाग में उप संचालक (डिप्टी डायरेक्टर वेटनरी) के पद पर कार्यरत डॉ. आर.एस. बघेल आज अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए। वर्ष 1983 से प्रारंभ हुई उनकी शासकीय सेवा यात्रा आज अपने अंतिम और सम्मानपूर्ण सोपान पर पहुंची। कुल 43 वर्षों की इस दीर्घ सेवा अवधि में उन्होंने पशुपालन एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

इस विदाई समारोह में कलेक्टर श्री एस जयवर्धन एवं संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा भी शामिल हुए।समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जयवर्धन ने कहा कि डॉ. आर.एस. बघेल का कार्यकाल अनुशासन, समर्पण और परिणामोन्मुखी कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. बघेल स्वभाव से अत्यंत सरल और खुशमिजाज अधिकारी रहे हैं, जिनकी सकारात्मक सोच और सौम्य व्यवहार से कार्यालयीन वातावरण सदैव सौहार्दपूर्ण बना रहा।उन्होंने कहा कि डॉ. बघेल ने न केवल विभागीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, बल्कि नवाचार, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले को राज्य स्तर पर पहचान दिलाई। उनका अनुभव एवं मार्गदर्शन सदैव विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डॉ. बघेल का जन्म 5 जनवरी 1961 को हुआ। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा रीवा (मध्य प्रदेश) में हुई, जबकि उच्च शिक्षा के रूप में उन्होंने BVSc & AH की डिग्री वेटनरी कॉलेज, महू (इंदौर), मध्य प्रदेश से वर्ष 1976 से 1982 के मध्य प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने वर्ष 1982 में 6 माह तक NDDB में कार्य किया।
उनकी शासकीय सेवा की शुरुआत 5 अप्रैल 1983 को वेटनरी असिस्टेंट सर्जन (VAS) के पद पर रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से हुई। अक्टूबर 1983 में उनका स्थानांतरण बगीचा, जिला जशपुर हुआ, जहां उन्होंने लगभग 5 वर्षों तक सेवाएं दीं।
इसके पश्चात वर्ष 1988 से फरवरी 2014 तक मनेन्द्रगढ़ में लंबे समय तक कार्य करते हुए उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया। फरवरी 2014 में डिप्टी डायरेक्टर वेटनरी सर्विसेस (DDVS) कोरबा के रूप में तथा अक्टूबर 2014 से कोरिया जिले में DDVS के पद पर उन्होंने प्रभावी कार्य किया।
6 दिसंबर 2023 से वे सूरजपुर जिले में DDVS के रूप में पदस्थ रहे और आज 31 जनवरी 2026 को सेवा से निवृत्त हुए।
अपने सेवानिवृत्ति अवसर पर डॉ. बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले मार्गदर्शन, विश्वास और स्नेह के लिए जिला कलेक्टर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सहयोगियों का स्नेह, सम्मान और टीम भावना उनकी सेवा यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।
डॉ. बघेल के कार्यकाल में सूरजपुर जिले ने पशु चिकित्सा सेवाओं में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। जिले को स्टेट रैंक में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। DMF मद से 5 शासकीय भवनों के निर्माण हेतु स्वीकृति दिलाने में उनके विशेष प्रयास रहे। “हमर सुघर ऑफिस” प्रतियोगिता में जिले को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अलावा पशुधन गणना (Livestock Census) का कार्य जिले में सर्वप्रथम पूर्ण कराया गया। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति एवं पेंशन से संबंधित सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. आर.एस. बघेल की सेवाओं को अनुकरणीय, समर्पित और प्रभावशाली बताते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!