मासुम बच्ची को कार से टक्कर मारकर फरार चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सिंगरौली #विन्ध्यनगर- मासूम को टक्कर मारकर फरार चालक तक पहुँची SP Singrauli करीब 250 CCTV से अधिक फुटेज खंगाले, मिला निर्णायक सुराग पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. स्वयं करते रहे पूरे मामले की सतत मॉनिटरिंग गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस का इजाफा, आरोपी गिरफ्तार—घटना में प्रयुक्त कार जब्त सिंगरौली। थाना विंध्यनगर क्षेत्र में मासूम बच्ची को कार से टक्कर मारकर मौके से फरार होने के अत्यंत संवेदनशील मामले में विंध्यनगर पुलिस ने लगातार छह दिन तक तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर की गई सूक्ष्म जांच के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 66 ZH 5944 जब्त की गई है। प्रकरण में धारा 105 बीएनएस का इजाफा करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी विंध्यनगर उप पुलिस अधीक्षक अर्चना द्विवेदी के नेतृत्व में फरार हुए आरोपी चालक को चिन्हित कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP66ZH5944 को भी जब्त किया गया है। घटना 06 सितंबर की सुबह करीब 05:45 से 05:50 बजे के मध्य की है। बघेल पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रही मासूम बच्ची को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मामले की जानकारी थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी द्वारा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. को दी गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संभावित मार्गों पर रवाना किया और पूरे मामले की स्वयं लगातार मॉनिटरिंग करते हुए आरोपी वाहन एवं चालक की शीघ्र पहचान के निर्देश दिए। घटनास्थल से फरार वाहन का नंबर प्रारंभिक रूप से स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस के सामने चुनौती बड़ी थी। इसके बावजूद टीमों ने घटना स्थल से जुड़े संभावित मार्गों, चौराहों, प्रतिष्ठानों एवं प्रमुख स्थानों पर लगे करीब 250 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज को एक-एक कर खंगाला। वाहन की मूवमेंट को कैमरे से कैमरे तक जोड़ते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ी और आखिरकार CCTV फुटेज से स्विफ्ट डिजायर कार का नंबर स्पष्ट हुआ। कार का नंबर सामने आते ही पुलिस ने वाहन मालिक एवं चालक से संबंधित जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नकुल कुमार बियार पिता बासदेव बियार, निवासी बीजपुर, थाना बीजपुर, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर MP 66 ZH 5944 को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों एवं बच्ची की मृत्यु के आधार पर प्रकरण में धारा 105 बीएनएस का इजाफा किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 250 से अधिक CCTV फुटेज, लगातार पीछा और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुँची पुलिस मासूम बच्ची से जुड़े इस अत्यंत संवेदनशील प्रकरण में विंध्यनगर पुलिस ने धैर्यपूर्वक CCTV फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए जांच को आगे बढ़ाया। करीब 250 से अधिक कैमरों के फुटेज की पड़ताल के बाद वाहन का नंबर स्पष्ट होना जांच का निर्णायक बिंदु बना। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. द्वारा मामले की निरंतर मॉनिटरिंग और पुलिस टीम के समन्वित प्रयासों से फरार आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका उक्त कार्रवाई में निरीक्षक उदय करिहार, सूबेदार आशीष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक रमेश प्रजापति, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक पंकज सिंह, प्रधान आरक्षक अरुणेंद्र पटेल, आरक्षक अभिमन्यु सिंह, आरक्षक नरेंद्र सिंह एवं आरक्षक भोले लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिंगरौली पुलिस का संदेश है कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति और सावधानी का विशेष ध्यान रखें। एक क्षण की लापरवाही किसी परिवार के लिए जीवनभर का दुःख बन सकती है। दुर्घटना होने की स्थिति में घटनास्थल से भागने के बजाय कानून के अनुसार जिम्मेदारी निभाएं और तत्काल पुलिस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें। @highlight