ताज़ा ख़बरें

बारिश के अभाव में सूख रही खरीफ फसलें, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

खास खबर

बारिश के अभाव में सूख रही खरीफ फसलें, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

पंधाना क्षेत्र में सोयाबीन, मक्का व कपास की फसलें प्रभावित, तत्काल सर्वे कर मुआवजा देने की मांग

खंडवा/पंधाना
पंधाना क्षेत्र में पिछले लगभग एक माह से बारिश नहीं होने के कारण किसानों की खरीफ फसलों पर संकट गहरा गया है। खेतों में नमी खत्म होने से सोयाबीन, मक्का, कपास सहित अन्य फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं। किसानों को हो रहे नुकसान को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पंधाना ने 11 सितंबर शुक्रवार को पंधाना में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी समाप्त हो चुकी है। किसानों ने महंगे खाद-बीज, दवाई एवं अन्य कृषि सामग्री पर बड़ी राशि खर्च कर फसल तैयार की है। वर्तमान परिस्थितियों में बारिश के अभाव से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने प्रशासन से प्रभावित गांवों में फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने तथा शासन के नियमानुसार किसानों को उचित राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही फसल बीमा कराने वाले किसानों को फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार शीघ्र क्लेम दिलाने की मांग रखी गई। ज्ञापन के माध्यम से रबी सीजन को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया एवं एनपीके खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। कांग्रेस ने कहा कि खाद के लिए टोकन व्यवस्था लागू होने के बावजूद किसानों को आसानी से टोकन नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक सोसायटी एवं खाद दुकान पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव पटेल ने प्रशासन से किसानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना विलंब सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह के साथ संगठन महासचिव धर्मेंद्र सिंह राठौड़, पंधाना विधानसभा प्रभारी हरचरण सिंह भाटिया ,ब्लॉक अध्यक्ष संजीव पटेल,जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह दीवाल,रूपाली बारे,सचिन बारे ,जिला पंचायत सदस्य मनोज भरतकर,आशाराम ठाकुर ,जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल , वीरेंद्र सिंह , डॉ मुरली महाजन ,पलाश जैन,रविंद्र घाटे जी ,नूपुर जैन ,सदाशिव महाजन, यशराज सिंह सोलकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सदस्य सम्मिलित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!