ताज़ा ख़बरें

शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का भविष्य गढ़ते हैं : महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव

खास खबर

शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का भविष्य गढ़ते हैं : महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव

गुरु वंदन कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यगणों का सम्मान

खंडवा। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम कार्यालय सभागृह में गुरु वंदन कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं संस्था प्रमुखों का महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

गुरु का सम्मान हमारी संस्कृति और संस्कार की पहचान : महापौर अमृता अमर यादव

इस अवसर पर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि “गुरु केवल ज्ञान देने वाले व्यक्ति नहीं होते, बल्कि वे हमारे जीवन को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों के भीतर ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना का निर्माण करते हैं। इसलिए शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के वास्तविक निर्माता हैं।”

महापौर ने कहा कि “हमारे बच्चे और युवा खंडवा के आने वाले कल की तस्वीर हैं। उनके व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने में माता-पिता के साथ सबसे महत्वपूर्ण भूमिका शिक्षक निभाते हैं। एक शिक्षक का दिया हुआ ज्ञान और संस्कार विद्यार्थी के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। गुरु वंदन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके योगदान को नमन करने का अवसर है। आज नगर निगम द्वारा शहर के शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों का सम्मान कर शिक्षा जगत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की जा रही है।

महापौर ने कहा कि “नगर निगम क्षेत्र के विकास के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार और नई पीढ़ी के निर्माण को भी हम अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मानते हैं। शहर के शिक्षक जिस समर्पण और निष्ठा के साथ विद्यार्थियों के भविष्य को संवार रहे हैं, वह वास्तव में अभिनंदनीय है। मैं शिक्षक दिवस के अवसर पर खंडवा के सभी गुरुजनों को नमन करते हुए उनके प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करती हूं।”

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल शिक्षक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गुरुजनों के प्रति सम्मान, सीखने की जिज्ञासा और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाना हमारी स्थायी संस्कृति बननी चाहिए।

गुरुजनों का सम्मान समाज के प्रति सम्मान : निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा

निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज की वह महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो ज्ञान के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि खंडवा के शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य करते हुए शहर की नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नगर निगम द्वारा आयोजित यह गुरु वंदन कार्यक्रम शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की एक सराहनीय पहल है।

शिक्षकों के योगदान को नमन : भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की मजबूती उसकी आने वाली पीढ़ी की शिक्षा और संस्कारों पर निर्भर करती है। इस दिशा में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने, आगे बढ़ने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर शहर के प्राचार्यगण एवं संस्था प्रमुखों का सम्मान शिक्षकों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को नमन किया।

शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से किया सम्मान

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विद्यालयों, कॉन्वेंट एवं पब्लिक स्कूलों, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों, उर्दू शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं संस्था प्रमुखों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के पश्चात सभी अतिथियों एवं शिक्षकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर, एमआईसी सदस्य श्री सोमनाथ काले, श्री राजेश यादव, श्री आशीष चटकले, पार्षद श्रीमती रोशनी गोलकर, श्रीमती स्वर्ण धर्मेंद्र पालीवाल, श्रीमती सुनीता दीपक राठौर, श्रीमती किरण प्रेमलाल गोयल, श्रीमती सीमा महेंद्र यादव, श्रीमती डिंपल पुनीत चौरसिया, श्री वेद प्रकाश मालाकार, श्री विजय यादव, मंडल अध्यक्ष श्रीमती स्नेहा पाराशर, भाजपा प्रवक्ता श्री सुनील जैन सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यगण एवं संस्था प्रमुख उपस्थित रहे।

गुरु वंदन कार्यक्रम ने शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान का सकारात्मक संदेश देते हुए शिक्षक दिवस को सार्थक बनाया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!