ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर हुआ शिक्षक सम्मान समारोह

शिक्षक राष्ट्र निर्माण के सशक्त आधार हैं: प्रो. प्रवीण कुमार उछावर

रिपोर्टर=भव्य जैन

झाबुआ। दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श महाविद्यालय झाबुआ में मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की वार्षिक कैलेंडर कार्ययोजना 2025-26 के परिपालन में 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एवं महाविद्यालयीन स्टाफ द्वारा भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं गुरु वंदना के साथ किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापकों एवं अतिथि विद्वानों को पुष्पमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर आधारित भाषण, गीत एवं कविताओं की प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच रोचक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार पर्सेंडीया एवं प्रो. दीपक चौहान ने भी विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि विद्वान एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्रा कुमारी मीनाक्षी ताहैड ने किया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भूरसिंह निंगवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!