
*भारी वर्षा के कारण प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा व्यापक राहत एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाएं सुनिश्चित*
आयुक्त के निर्देशन में राहत दल, कंट्रोल रूम, राहत शिविर, सफाई, प्रकाश, पेयजल एवं वाहन व्यवस्था सक्रिय
खंडवा। शहर में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा संभावित प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा एवं त्वरित राहत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक आपदा प्रबंधन व्यवस्था लागू कर दी गई है। निगम आयुक्त के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं।
नगर निगम द्वारा संभावित जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत शिविरों का चयन कर लिया गया है। प्रत्येक राहत शिविर हेतु प्रभारी अधिकारी एवं सहायक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, उनके ठहरने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे। संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल पर उपलब्ध रहने एवं किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षित आश्रय केंद्र बनाये गए : एमएलबी विद्यालय , जनता स्कूल , कस्तूरबा विद्यालय , रामनगर प्राथमिक शाला , मोहनलाल स्कूल , शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला , में की बाढ़ से प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है ।
*कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय*
आपदा की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा गया है। कंट्रोल रूम में अलग-अलग पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्राप्त शिकायतों का तत्काल पंजीयन कर संबंधित राहत दल को मौके पर रवाना करेंगे तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस कंट्रोल रूम से निरंतर समन्वय बनाए रखेंगे।
*राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी*
नगर निगम द्वारा राहत शिविरों में प्रभावित नागरिकों के लिए प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, भोजन, टेंट, बिस्तर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रकाश व्यवस्था के लिए पृथक अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है, वहीं जल विभाग को टैंकरों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। भोजन व्यवस्था जिला प्रशासन के समन्वय से सुनिश्चित की जाएगी।
*वाहन एवं राहत दल रहेंगे तत्पर*
आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के लिए वाहन विभाग को चालक सहित आवश्यक वाहन हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राहत दलों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री, वर्षा से बचाव के उपकरण तथा अन्य संसाधनों से सुसज्जित रखा गया है ताकि सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
*जल निकासी एवं सफाई कार्य युद्धस्तर पर*
लगातार वर्षा के कारण नालों एवं नालियों में अवरोध तथा जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर निगम के सभी जोनों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। जोन प्रभारियों एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर जल निकासी बाधित करने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई अमला तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम में भी अतिरिक्त सफाई दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
*क्षति का सर्वे एवं त्वरित सहायता*
यदि किसी क्षेत्र में अतिवृष्टि अथवा बाढ़ के कारण जन-धन की हानि होती है, तो राजस्व विभाग के समन्वय से तत्काल क्षति का सर्वे कराया जाएगा। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी राजस्व अमले के साथ मिलकर आवश्यक जानकारी संकलित करेंगे ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
*नागरिकों से सहयोग की अपील*
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, बच्चों को नालों एवं जलमग्न स्थानों के समीप न जाने दें तथा किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या राहत की आवश्यकता होने पर तत्काल नगर निगम कंट्रोल रूम अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। नागरिकों के सहयोग एवं सतर्कता से किसी भी आपदा की स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।






