
कलेक्टर श्री गुप्ता ने “नीट पुनःपरीक्षा” की तैयारियों का जायजा लिया
—
खण्डवा//
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने रविवार 21 जून को खंडवा शहर के 6 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली “नीट पुनःपरीक्षा” के लिए की जा रही तैयारियों का शनिवार को जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने केंद्रीय विद्यालय पहुंचकर वहां के प्राचार्य श्री पटेल से परीक्षा के लिए की जा रही तैयारियो के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने परीक्षार्थियों के साथ आने वाले परिजनों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर टेंट लगाकर छांव और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर विद्यार्थियों के कक्षवार रोल नंबर की सूची प्रदर्शित करने के लिए भी कहा, ताकि आने वाले परीक्षार्थियों को अपने निर्धारित कक्ष को ढूंढने में आसानी हो। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय में नीट परीक्षा के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में जाकर सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था भी देखी।
इसके अलावा कलेक्टर श्री गुप्ता ने सूरजकुंड कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र का भी दौरा किया और वहां के प्राचार्य श्री संजय निंभोरकर से “नीट पुनःपरीक्षा” के लिए की जा रही तैयारियो के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस अवसर पर प्राचार्य को निर्देश दिए कि नीट के परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कोई परेशानी ना हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री पटेल ने बताया कि खंडवा शहर में “नीट पुनःपरीक्षा” के लिए कुल 6 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कि एसएन कॉलेज, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोतीलाल नेहरू स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, सूरजकुंड स्कूल एवं रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की गई है। केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य श्री पटेल ने बताया कि रविवार को होने वाली “नीट पुनःपरीक्षा” में कुल 2486 विद्यार्थी शामिल होंगे । इसके लिए कुल 6 एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग के लिए लगाई गई है।












