ताज़ा ख़बरें

श्रवण एवं वाक् दिव्यांगजनों के लिए ‘अनुगूंज’ कार्यक्रम संपन्न

श्रवण एवं वाक् दिव्यांगजनों के लिए ‘अनुगूंज’ कार्यक्रम संपन्न

खण्डवा//मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार श्रवण एवं वाक् दिव्यांगजनों के लिए राज्यव्यापी जागरूकता एवं पहुंच अभियान ‘अनुगूंज’ का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रवण एवं वाक् दिव्यांग समुदाय को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का वर्चुअली शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, म. प्र. उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति विवेक रूसिया द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उ‌द्बोधन में दिव्यांगजनों को न्याय तक समान पहुंच उपलब्ध कराने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विधिक सेवा संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
खंडवा में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 52 श्रवण एवं वाक् दिव्यांग सदस्य एवं उनके इंटरप्रेटर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पीयूष भावे. प्रशिक्षु न्यायाधीश श्री कविश ठाकुर तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह व सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग जिला से स्वाधिका मड़के, प्रशासनिक अधिकारी जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र खण्डवा, श्री प्रकाश मोटघरे, ईयर मोल्ड टेक्नीशियन, डॉ. निधि वत्सल सीनियर फिजियोथेरापिस्ट व सी.डब्ल्यू एस. एन. दिव्यांग संस्था, सर्व शिक्षा अभियान जिला शिक्षा केन्द्र खण्डवा से अंजली शिंदे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान, दिव्यांगजनों के अधिकारों, शासकीय योजनाओं, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां ऑनलाइन सत्रों के माध्यम से दी गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न विधिक एवं सामाजिक विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित दिव्यांगजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया गया कि उनके अधिकारों के संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए प्राधिकरण सदैव तत्पर है। ‘अनुगूंज’ अभियान ने श्रवण एवं वाक् दिव्यांग समुदाय को न्याय एवं विधिक सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल के रूप में अपनी प्रभावी भूमिका निभाई।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!