ब्लॉक एवं नगरीय निकायों में 12 से 14 जून तक आयोजित होंगे “जनकल्याण शिविर”
—
खण्डवा//जिले के विभिन्न विकासखंड एवं नगरीय निकायों के मुख्यालयों पर आगामी 12 से 14 जून के बीच जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में जिले के प्रत्येक विकास खण्ड नगरीय निकाय मुख्यालयों पर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण हेतु शिविर आयोजित होंगे। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि ये शिविर 3 दिवसीय रहेंगे। मैदानी अमले के सहयोग से जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत छूट गए पात्र लाभार्थियों को शिविर तक लाने का प्रयास किया जायेगा। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी एवं वीबी-जी-रामजी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उनका पंजीयन कराया जायेगा।
अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनकल्याण शिविरों के आयोजन के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। जारी आदेश अनुसार जनपद पंचायत खंडवा, पंधाना, पुनासा, छनेरा, खालवा, छैगांवमाखन एवं बलड़ी के कार्यालय परिसर में 12 से 14 जून तक जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। सम्बंधित क्षेत्र के एसडीएम इसके लिए नोडल अधिकारी रहेंगे तथा सम्बंधित क्षेत्र के तहसीलदार एवं जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगे। इसके अलावा मूंदी एवं ओंकारेश्वर के नगरीय निकाय कार्यालय परिसर में भी जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मूंदी एवं ओंकारेश्वर के लिए सम्बंधित सीएमओ नोडल अधिकारी रहेंगे, जबकि खण्डवा नगर निगम कार्यालय परिसर में 12 से 14 जून तक आयोजित होने वाले जन कल्याण शिविर के लिए के लिए नगर निगम की आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत को नोडल अधिकारी बनाया गया है।











