ताज़ा ख़बरें

कलेक्टर विजय दयाराम के का पहला सख्त संदेश—सुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध शिकायत निराकरण पर जोर

शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता: कलेक्टर श्री विजय दयाराम के

जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री विजय दयाराम के ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वय, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभागवार कार्यों की संक्षिप्त जानकारी ली। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदकों से फीडबैक भी अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों एवं नस्तियों का संचालन सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं दक्षता बढ़ाने के लिए डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने शाला प्रवेश उत्सव, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों तक समय पर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया तथा कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए युवाओं को अधिकाधिक लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने नव निर्मित कम्पोजिट बिल्डिंग में विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आवंटन की प्रक्रिया को शीघ्र एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के भी निर्देश दिए, ताकि सभी विभाग एकीकृत परिसर से बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर सकें।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेंड्रारोड श्री अमित बेग, एसडीएम मरवाही सुश्री निकिता मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!