
हिंदू बाल सेवा सदन के बच्चों ने देखी नीम करोली बाबा पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म

खंडवा। हिंदू बाल सेवा सदन, खंडवा के बच्चों के लिए एक विशेष एवं प्रेरणादायक पहल के अंतर्गत नीम करोली बाबा के जीवन एवं संदेश पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कई बच्चों ने पहली बार सिनेमा गृह में फिल्म देखने का अनुभव प्राप्त किया। सिनेमा गृह में फिल्म देखने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली तथा उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
फिल्म देखने के बाद बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। फिल्म के संदेश से प्रभावित होकर बच्चों ने भावुकता के साथ “हम तो सीताराम कहेंगे” का उद्घोष किया। बच्चों की यह प्रतिक्रिया फिल्म के सकारात्मक एवं आध्यात्मिक संदेश के प्रभाव को दर्शाती है।
इस अवसर पर श्री अनिल बाहेती ने कहा कि यह कम बजट में निर्मित एक शिक्षाप्रद एवं प्रेरणादायक फिल्म है, जो व्यक्ति को जीवन की हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहने तथा अच्छे विचारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देती है।
संस्था के अध्यक्ष श्री विनय नेगी ने बताया कि श्रीमती अरुणा बाहेती के सहयोग से हिंदू बाल सेवा सदन के बच्चों को यह फिल्म दिखाने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में राम सिंह चावला बस कंपनी का विशेष सहयोग रहा, जिसके माध्यम से बच्चों के लिए निःशुल्क आने-जाने की व्यवस्था की गई। वहीं टीचर प्रतीक्षा वर्मा एवं श्रीमती विभा बाहेती ने बच्चों की देखरेख एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस आयोजन ने बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक सोच, आध्यात्मिकता, अच्छे संस्कार और प्रेरणादायक विचारों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। बच्चों के लिए यह अनुभव लंबे समय तक स्मरणीय रहने वाला रहा।













