
चार साल के संघर्ष के बाद फैज़ कलंदर को मिला फिल्म ‘एक सफा’ में गाने का मौका
पंधाना के ग्राम हेमगिर से मुंबई तक का सफर, अपनी कंपोजिशन में गाया गीत फिल्म में शामिल, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी की आवाज की तारीफ
15 वर्ष पूर्व किशोर प्रेरणा मंच की गायन की प्रतियोगिता में ऑडिशन के साथ प्रतियोगिता में लिया था भाग।
खंडवा। जिले में हर विधा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, यदि इन प्रतिभाओं को अच्छा मंच मिल जाता है तो यह प्रतिभाएं खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन करती है। गायन के क्षेत्र में प्रतिभाओं को अच्छा मंच प्रदान करने के लिए किशोर प्रेरणा मंच का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से प्रतिवर्ष गायन प्रतियोगिता आयोजित होती है इसमें कई बच्चे अपने प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पंधाना तहसील के ग्राम हेमगिर निवासी फैज़ कलंदर ने 15 वर्ष पूर्व मंच की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तेज बारिश में भीगते हुए अपने गांव हिमगिरी से पधांना पहुंचकर आडिशन में भाग लिया था, तबसे लगातार किशोर प्रेरणा मंच की प्रतियोगिता के साथ ही गायन के क्षेत्र की प्रतियोगिता में भाग लेने लगे, और किशोर प्रेरणा मंच प्रतियोगिता में टॉपर भी रहे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि लगातार गायकी के चलते उन्होंने अपने कदम पीछे नहीं किये, और आगे बढ़ते रहे अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर फिल्मी दुनिया में कदम रखा है। पिछले चार वर्षों से मुंबई में रहकर संगीत के क्षेत्र में अवसर तलाश रहे फैज़ कलंदर को फिल्म ‘एक सफा’ में गाना गाने का मौका मिला है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, प्रीति सूद और नसीम मुगल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन शादाब सिद्दीकी ने किया है।
फैज़ कलंदर के अनुसार फिल्म में गाया गया गीत उनकी अपनी कंपोजिशन और धुन पर आधारित है। गीत के बोल महान शायर फैज़ अहमद फैज़ की पोएट्री से लिए गए हैं। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पोएट्री का नैरेशन भी किया है।
10-20 गाने सुनाए, तब जाकर हुआ चयन
फैज़ कलंदर बताते हैं कि फिल्म में उनका गीत पहली कोशिश में चयनित नहीं हुआ था। उन्होंने अलग-अलग तरह के करीब 10 से 20 गाने सुनाए। लगातार प्रयास के बाद फिल्म की टीम को उनकी आवाज और कंपोजिशन पसंद आई और इसी गीत को फिल्म के लिए चुना गया।
फैज़ कलंदर के लिए मुंबई का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने बताया कि चार वर्षों के दौरान कई बार भूखे-प्यासे रहकर दिन गुजारने पड़े। काम की तलाश में कई कार्यालयों के चक्कर लगाए और कई बार ऐसा भी लगा कि शायद मौका नहीं मिलेगा, लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी।
नवाजुद्दीन ने सुने कई गाने, भविष्य में साथ काम करने की कही बात
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि फिल्म के दौरान फैज़ कलंदर को नवाजुद्दीन सिद्दीकी से मिलने और उनके साथ समय बिताने का अवसर मिला। फैज़ कलंदर के मुताबिक नवाजुद्दीन ने उनके कई गाने सुने और उनकी आवाज की तारीफ की। उन्होंने फैज़ कलंदर से और गाने सुनाने के लिए घर आने को कहा और भविष्य में साथ काम करने की इच्छा भी जताई। फैज़ कलंदर इसे अपने लिए बड़ी प्रेरणा मानते हैं।
फिल्म फेस्टिवल में भी हुआ चयन
फिल्म ‘एक सफा’ का चयन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जम्मू-कश्मीर के लिए भी हुआ है, जहां फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की जानकारी फैज़ कलंदर ने दी। अब फिल्म के आम दर्शकों के लिए रिलीज होने का इंतजार है।
फैज़ कलंदर कहते हैं कि उनके लिए यह सिर्फ फिल्म में गाने का अवसर नहीं, बल्कि पिछले चार वर्षों की मेहनत, संघर्ष और इंतजार का परिणाम है। हेमगिर जैसे छोटे गांव से निकलकर मुंबई में अपने सपने के लिए संघर्ष करते हुए फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपने इस सफर में साथ देने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि आगे भी उनका प्यार, दुआ और आशीर्वाद उन्हें मेहनत करते रहने की प्रेरणा देता रहेगा।












