
श्री गणेश चतुर्थी एवं गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर खण्डवा पुलिस मुस्तैद

खण्डवा। श्री गणेश चतुर्थी एवं श्री गणेश प्रतिमा स्थापना के अवसर पर शहर में सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से खण्डवा पुलिस द्वारा समुचित पुलिस बल की तैनाती की गई है।
शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों, गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल को आवश्यकतानुसार तैनात किया गया है। तैनात समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर पूर्ण सजगता एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा, यातायात के सुचारु संचालन तथा शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
खण्डवा पुलिस आमजन से अपील करती है कि गणेश चतुर्थी पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।













