
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने किया 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक टीन सेट का लोकार्पण
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भवन विस्तार के लिए 2 लाख एवं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपाल सोलंकी ने भी 2 लाख रुपए देने की घोषणा की
खंडवा। खंडवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बावड़ियां काजी में विधायक निधि से 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक टीन सेट का लोकार्पण रविवार को खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक कंचन मुकेश तनवे ने की।
ग्राम बावड़ियां काजी पहुंचने पर ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल एवं विधायक कंचन मुकेश तनवे का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने ग्राम स्थित मनोकामेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और सामुदायिक टीन सेट का फीता काटकर लोकार्पण किया। मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने सामुदायिक टीन सेट के निर्माण के लिए विधायक कंचन मुकेश तनवे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सामुदायिक भवन के विस्तार के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं खंडवा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपाल सोलंकी ने भी भवन विस्तार के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने कहा कि जिन स्थानों पर सामुदायिक भवन नहीं हैं, वहां आवश्यकतानुसार सामुदायिक भवन निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में सुव्यवस्थित मुक्तिधाम हो। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत को मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण एवं घाट निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपए की राशि दी गई है।
विधायक ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी योजना के लाभ से वंचित है तो मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ‘आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार गांव तक पहुंच रही है। ग्रामीण अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के समापन के बाद ग्रामवासियों ने विधायक कंचन मुकेश तनवे का फलों से तुलादान कर आत्मीय सम्मान किया। इसके पश्चात विधायक ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, भाजपा नेता मुकेश तनवे, हरीश कोटवाले, त्रिलोक पटेल, किसान संघ से सुभाष पटेल, तपन डोंगरे, कपिल अंजने, जितेंद्र मंडलोई, खंडवा जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपाल सोलंकी, छैगांव माखन जनपद अध्यक्ष महेंद्र सावनेर, वकील मोहन गंगराड़े, गणेश कनाडे, बसंत ढाकसे, बलदेव सिंह मौर्य, नारायण फरकले, सचिन यादव, लल्लू काकाजी, सरपंच मंगला दीपक पटेल, गणपत पटेल, रामलाल काकाजी, पवन साध, डॉ. नरेंद्र पटेल, जनपद सदस्य भैय्यालाल, अजय पटेल, कड़वा काकाजी, बंसीलाल गुर्जर, शुभम पटेल, लखन काकाजी, संतोष कपिल, पार्षद प्रेमलाल गोयल, दिलीप इंगले, जय श्री भालसे, ममता मोहे, बृजेश सावले, दुर्गेश शर्मा, संगीत गौहर, जितेंद्र सावनेर सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।










