ताज़ा ख़बरें

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर इतनी बौखलाहट क्यों, सांसद जी : प्रतिभा रघुवंशी

खास खबर

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर इतनी बौखलाहट क्यों, सांसद जी : प्रतिभा रघुवंशी

कहा- ‘सर्कस’ कहने से पहले खंडवा के अधूरे विकास कार्यों का हिसाब जनता को दें, तीन पुलिया पुल, बायपास, रिंग रोड और संभाग के दर्जे पर भी जवाब दें

सांसद बोले ‘राहुल गांधी का सर्कस’, प्रतिभा रघुवंशी का करारा पलटवार—‘ऐसे सर्कस’ का युवा करेंगे स्वागत

खंडवा/
राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा की गई टिप्पणी पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सांसद इतनी बौखलाहट क्यों दिखा रहे हैं? कार्यक्रम हो रहा है तो होने दीजिए। बेहतर होगा कि सांसद खंडवा के स्थानीय और लंबे समय से लंबित मुद्दों पर भी जनता को जवाब दें।
रघुवंशी ने कहा कि खंडवा का तीन पुलिया पुल अब तक पूरा नहीं हो पाया है। खंडवा बायपास का भी कोई स्पष्ट समाधान नजर नहीं आ रहा। रिंग रोड और परिवहन नगर की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। खंडवा को संभाग का दर्जा दिलाने में भी सांसद असफल रहे हैं। वहीं खंडवा-मुंदी मार्ग के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। उन्होंने सवाल किया कि इन मुद्दों पर सांसद कब जनता के सामने जवाब देंगे?
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ ने युवाओं और छात्रों के सवालों को मजबूती से देश के सामने रखा है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे और केंद्र की सरकार में शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।
रघुवंशी ने कहा कि यदि राहुल गांधी के सवाल उठाने को ‘सर्कस’ कहा जाता है और उस सवाल के बाद देश के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ता है, तो युवा और छात्र ऐसे ‘सर्कस’ का स्वागत करते हैं।उन्होंने आगे कहा कि यदि राहुल गांधी के सवाल उठाने से महाराष्ट्र में आदिवासी छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की आयु-सीमा बढ़ाई जाती है और छात्रावासों से छुट्टी के बाद लौटने वाली महिलाओं के साथ होने वाली अपमानजनक परीक्षण जैसी प्रथाएं बंद होती हैं, तो ऐसे सवाल उठाने का भी स्वागत किया जाना चाहिए।
रघुवंशी ने कहा कि सांसद को राहुल गांधी को ‘सर्कस’ का तमगा देने से पहले अपने क्षेत्र के अधूरे कामों का हिसाब जनता को देना चाहिए। जनता सब देख रही है और समय आने पर हर सवाल का जवाब भी मांगेगी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि 19 सितंबर को भारत जोड़ो मैदान रीजनल पार्क के सामने राजीव गांधी सर्किल के पास इंदौर में आयोजित राहुल गांधी जी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। खंडवा जिले से भी हजारों की संख्या में रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं, 19 तारीख को शाम 5:00 बजे होने वाले कार्यक्रम के लिए खंडवा जिले से भी हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं इंदौर पहुंचेंगे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!