ताज़ा ख़बरें

गुरु पूर्णिमा मेला: महापौर अमृता यादव ने दादाजी धाम का किया निरीक्षण।

खास खबर

गुरु पूर्णिमा मेला: महापौर अमृता यादव ने दादाजी धाम का किया निरीक्षण।

सफाई, पेयजल, रोशनी और सड़क मरम्मत के दिए निर्देश, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर।

महापौर के मार्गदर्शन में गुरु पूर्णिमा के लिये निगम की दो सड़कों की सौगात।

खंडवा। विश्व प्रसिद्ध श्री दादाजी धूनीवाले दरबार में आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को महापौर अमृता अमर यादव ने एमआईसी सदस्यों एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ दादाजी धाम और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान महापौर अमृता यादव ने सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्णिमा को लेकर निरीक्षण के दौरान महापौर अमृता यादव के साथ परिषद अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा एमआईसी सदस्य राजेश यादव, सोमनाथ काले, विक्की वरुण भांवरे, आशीष चटकेले, अनिल वर्मा, प्रवक्ता सुनील जैन,निगम आयुक्त प्रियंका राजावत, पार्षद काजल लालवानी, महेंद्र पालीवाल, कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय,संजय शुक्ला मनीष झीले सर्वेश मिश्रा अजय पटेल उपस्थित थे। इस अवसर पर
महापौर अमृता यादव ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु खंडवा पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्देश दिए कि मेला अवधि में 24 घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए तथा नियमित रूप से कचरा संग्रहण कराया जाए। उन्होंने मानसून को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिए, जिससे संक्रामक बीमारियों की आशंका को रोका जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम को विभिन्न स्थानों पर स्वच्छ पेयजल के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालय एवं यूरिनल स्थापित करने तथा उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। समाजसेवी और प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सोमवार को महापौर ने सर्वप्रथम भवानी माता रोड स्थित प्रथम गेट का निरीक्षण कर रंगाई पुताई के निर्देश दिए। महापौर ने दादाजी धाम तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत और पेचवर्क कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेला परिसर एवं पहुंच मार्गों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त एलईडी और हैलोजन लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए। दादाजी धाम पहुंचने के लिए महापौर अमृता अमर यादव के मार्गदर्शन में इस वर्ष करोड़ों रुपए की लागत से दो बाईपास डामरीकृत सड़क मार्ग की सौगात निगम द्वारा दी गई है, दादाजी धाम से सीधे पंधाना रोड, एवं झिलाध्यान से पदम कुंड होते हुए नया बस स्टैंड दादाजी धाम तक डामरीकृत रोड का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान महापौर अमृता यादव ने कहा कि “गुरु पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु दादाजी के दर्शन के लिए खंडवा आते हैं। उनकी सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं छोड़ेगा। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष से भी नगर निगम की पूरी टीम पूर्णिमा के अवसर पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराएंगे निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य एवं नगर निगम के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!