
खंडवा में भी उपलब्ध रहेंगी विधायक छाया मोरे, आमजन से सीधा संवाद होगा आसान।
‘चाय पर चर्चा’ में खंडवा के विकास का रोडमैप तैयार,
कर्मवीर विद्यापीठ से लेकर संभागीय मुख्यालय और इंडस्ट्रियल पार्क तक कई मुद्दों पर बनी सहमति।
खंडवा। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता एवं पंधाना विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती छाया मोरे अब खंडवा शहर में भी नियमित रूप से आमजन, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन द्वारा सिविल लाइन स्थित एनवीडीए कॉलोनी में उन्हें शासकीय आवास आवंटित किया गया है। इसके साथ ही पंधाना विधानसभा के उन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिनका पंधाना मुख्यालय से सीधा संपर्क नहीं है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पंधाना विधानसभा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी विस्तृत है। सिंगोट, गुड़ीखेड़ा, बोरखेड़ा, बामनदा, अंबापाठ, भीलखेड़ी सराय, गांधवा सहित अनेक गांव ऐसे हैं, जहां के लोगों को पंधाना पहुंचने में कठिनाई होती है। इसे देखते हुए विधायक श्रीमती छाया मोरे अब सप्ताह में तीन दिन खंडवा स्थित अपने शासकीय आवास पर क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगी। वहीं सप्ताह के शेष तीन दिन पंधाना में रहकर विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों के नागरिकों से भेंट करेंगी।
श्रीमती छाया मोरे ने कहा कि उनका उद्देश्य जनप्रतिनिधि और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता उनसे आसानी से मिल सके तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो, इसी भावना के साथ उन्होंने खंडवा में भी नियमित रूप से जनसुनवाई का निर्णय लिया है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि
इसी अवसर पर विधायक श्रीमती छाया मोरे ने अपने एनवीडीए कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के साथ “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम आयोजित किया। राजनीतिक विमर्श से अलग हटकर आयोजित इस संवाद का उद्देश्य केवल खंडवा जिले के विकास का विजन तैयार करना और पत्रकारों से रचनात्मक सुझाव प्राप्त करना था।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला प्रवक्ता सुनील जैन,एवं जिला मीडिया प्रभारी मंगलेश सिंह तोमर भी उपस्थित रहे। पत्रकारों ने जिले के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन पर विधायक मोरे ने गंभीरता से चर्चा करते हुए उन्हें शासन स्तर पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बैठक में सबसे प्रमुख विषय माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के विस्तार परिसर ‘कर्मवीर विद्यापीठ’ को बंद किए जाने के बजाय निरंतर संचालित रखने का रहा। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से समय लेकर जिले के सांसद, सभी विधायक, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल भोपाल जाकर मुलाकात करेगा, इस पर सहमति बनी।
इसके साथ ही खंडवा को संभागीय मुख्यालय का दर्जा दिलाने, खंडवा-बुरहानपुर जिले के मामलों के लिए हाईकोर्ट की खंडपीठ का क्षेत्राधिकार जबलपुर के स्थान पर इंदौर से जोड़ने, तथा पंधाना विधानसभा के देशगांव में इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने जैसे दूरगामी महत्व के विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित सभी लोगों ने इन प्रस्तावों को जिले के औद्योगिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
इस अवसर पर पत्रकार साथियों ने श्रीमती छाया मोरे को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि पत्रकारों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को संकलित कर जिले के सांसद, सभी विधायक एवं जनप्रतिनिधि सामूहिक रूप से शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे, ताकि खंडवा के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को गति मिल सके। चाय पर चर्चा कार्यक्रम में पत्रकार गण देवेंद्र जायसवाल, शेख शकील, प्रशांत शर्मा, , निशात सिद्दीकी, , हरेंद्र नाथ ठाकुर, आशीष जायसवाल, शेख रेहान, अजीत लाड़, सुनील जैन, गौरव जैन, जावेद खान, इमरान खान, अनूप खुराना, अमित जायसवाल अखिलेश ठाकुर रियासत खान, योगेश मीणा, मुस्ताक मंसूरी, कन्हैया मंडलोई, पियूष पिपलिया, सावन राजपूत, हर्ष उपाध्याय, मयंक शर्मा, सुमित मंडलोई, इस्माइल सिद्दीकी, नितिन झंवर, रहीम बाबा सहित जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।











