

धनोरा/सिवनी। सिवनी जिले में मोहर्रम का पर्व पूरे जिले में शांति, सौहार्द और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। धनोरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम थांवरी खास में स्थित हफीज बाबा दरबार पर मोहर्रम के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए जायरीन भी शामिल हुए।
हफीज बाबा दरबार में दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तबर्रुक (लंगर) की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से लंगर ग्रहण किया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इसके बाद मुस्लिम समुदाय द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताजिया सवारी पूरे गांव में निकाली गई। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। धार्मिक नारों और मातमी रस्मों के बीच ताजिया गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकला और पुनः हफीज बाबा दरबार पहुंचा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और अनुशासन देखने को मिला।
दरबार पहुंचने के बाद बाहर से आए जायरीन एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने हफीज बाबा के साथ धार्मिक परंपरा के अनुसार दरियाह स्नान किया। इसके पश्चात सभी ने हफीज बाबा की दरगाह पर पहुंचकर देश, प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अमन-चैन एवं आपसी भाईचारे की दुआ मांगी तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा। स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मोहर्रम के इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की।









