
चौपारण। इस वर्ष हरितालिका तीज एवं गणेश पूजा एक ही दिन होने से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। दोनों पर्वों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उमंग देखने को मिल रही है। खासकर महिलाओं में तीज व्रत को लेकर उत्साह है, वहीं गणेश पूजा के लिए भी लोग तैयारियों में जुटे हैं।पर्व को लेकर चौपारण बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूजा सामग्री, फल-फूल, मिठाई, कपड़े, शृंगार सामग्री एवं अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। सुबह से देर शाम तक बाजार में चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदारों ने भी पर्व को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पूजन सामग्री एवं अन्य सामान मंगाए हैं।
हरितालिका तीज के अवसर पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर व्रत रखेंगी। वहीं गणेश पूजा में श्रद्धालु भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और विघ्न-बाधाओं से मुक्ति की प्रार्थना करेंगे।
एक ही दिन दोनों पर्व पड़ने को लोग धार्मिक दृष्टि से विशेष और शुभ संयोग मान रहे हैं।













