
डॉक्टर्स डे पर होगा चिकित्सकों का सम्मान, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा होगा अभिनंदन।
चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री बघेल का नगर आगमन, होगा स्वागत अभिनंदन।
खंडवा। भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला खंडवा द्वारा डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मान में “डॉक्टर सम्मान एवं अभिनंदन समारोह” आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल का भी प्रथम नगर आगमन पर स्वागत अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम 5 जुलाई रविवार को शाम 4 बजे किशोर सभागृह (विश्राम गृह के सामने), सिविल लाइन, खंडवा में आयोजित होगा।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह होंगे। वहीं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला प्रभारी अंबाराम कराड़ा, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन तनवे, विधायक नारायण पटेल, विधायक छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े तथा पूर्व विधायक देवेंद्र वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. शिवशंकर गुर्जर ने जिले के चिकित्सकों, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।










