
24 घंटे के भीतर लगा नया ट्रांसफार्मर, सांसद प्रतिनिधि ने किया उद्घाटन,ग्रामीणों में खुशी
चौपारण। प्रखंड के ताजपुर पंचायत स्थित नावापर पीएचडी विभाग के समीप खराब ट्रांसफार्मर को सांसद मनीष जायसवाल एवं विधायक मनोज कुमार यादव के प्रयास से महज 24 घंटे के भीतर बदल दिया गया। नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि रिशु वर्णवाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया।
ग्रामीणों ने सांसद मनीष जायसवाल, विधायक मनोज कुमार यादव तथा बिजली विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से दैनिक कार्यों के साथ पेयजल आपूर्ति और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे थे। नया ट्रांसफार्मर लगने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उद्घाटन कार्यक्रम में गुलाब शर्मा, प्रकाश चंद्रवंशी, सतीश केशरी, राजू राणा, सुनील केशरी, गोपाल केशरी, जितेंद्र राणा, अनिल केशरी सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में शीघ्र बिजली बहाल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।





