झारखंड

नव निर्मित जलमीनार का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

 

 

चौपारण। प्रखंड की बसरिया पंचायत अंतर्गत कठम्बा गांव में नव निर्मित जलमीनार का उद्घाटन पंचायत की मुखिया मंजू देवी एवं वार्ड सदस्य पूनम देवी ने विधिवत पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जलमीनार के शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मुखिया मंजू देवी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है। पंचायत की प्राथमिकता लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जलमीनार के संचालन से गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध होगा, जिससे जलजनित बीमारियों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अब पानी के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

मुखिया ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पेयजल, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जलमीनार की देखभाल करने तथा पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करने की अपील की।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से गांव में पेयजल की समस्या बनी हुई थी। जलमीनार चालू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वच्छ पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत में इसी तरह विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!