
उन्नत कृषक एवं सीड्स व्यवसायी महेश मालवीय का निधन, व्यापार जगत में शोक की लहर।
एक माह से ब्रेन स्ट्रोक की समस्या से थे जूझ रहे, आज गृह ग्राम गरणगांव में होगा अंतिम संस्कार।
खंडवा। जिले के प्रख्यात उन्नत कृषक एवं लंबे समय तक सीड्स व्यवसाय से जुड़े रहे श्री महेश मालवीय के निधन से कृषि एवं व्यापार जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। मृदुभाषी, सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी श्री मालवीय ने सोमवार दोपहर गुजरात के बड़ौदा स्थित एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। समाज सेवी सुनील जैन ने शोक व्यक्त करते हुए बताया की वे पिछले लगभग एक माह से ब्रेन स्ट्रोक की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। प्रारंभिक उपचार इंदौर में कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए गुजरात के बड़ौदा ले जाया गया था।
श्री महेश मालवीय छितरसिंह मालवीय के सुपुत्र थे। वे विष्णु मालवीय एवं कैलाश मालवीय के बड़े भाई, कमलसिंह मालवीय एवं जयदेव मालवीय के भतीजे तथा सुमित और अमित मालवीय के पूज्य पिताश्री थे। कृषि क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी। उन्होंने पारंपरिक खेती को आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ाते हुए उसे व्यवसायिक स्वरूप प्रदान किया और लंबे समय तक सीड्स कारोबार से जुड़े रहकर किसानों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके निधन का समाचार मिलते ही कृषि एवं व्यापार जगत में शोक की लहर फैल गई। सीड्स व्यापारी एसोसिएशन सहित अनेक सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। उनके सहज स्वभाव और मधुर व्यवहार के कारण समाज में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था।सुनील जैन ने बताया की
श्री महेश मालवीय की अंतिम यात्रा उनके गृह ग्राम गरणगांव से मंगलवार, 23 जून 2026 को प्रातः 8 बजे निकाली जाएगी, जिसके पश्चात उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके आकस्मिक निधन से मालवीय परिवार, शुभचिंतकों तथा क्षेत्र के कृषि एवं व्यापार जगत में शोक व्याप्त है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की जा रही है।












