
विधायक निधि से 20 ग्राम पंचायतों को मिले पेयजल टैंकर, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी बड़ी राहत।

छाया मोरे ने कहा – सुख-दुख और सार्वजनिक कार्यों में ग्रामीणों को नहीं होगी परेशानी, पंचायतें करेंगी संचालन और रखरखाव।
खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले सार्वजनिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पंधाना विधायक छाया मोरे ने विधायक क्षेत्र विकास निधि से 20 ग्राम पंचायतों को पेयजल टैंकर उपलब्ध कराए हैं। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि इनमें से छैगांवमाखन जनपद पंचायत क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों को टैंकर वितरित किए गए, जबकि पंधाना जनपद पंचायत क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों को रविवार को टैंकर वितरित किए जाएंगे।
जनकल्याण शिविर के दौरान टैंकर वितरण कार्यक्रम में विधायक छाया मोरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर पेयजल संकट, सामाजिक कार्यक्रमों, विवाह समारोहों तथा अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पानी की व्यवस्था चुनौती बन जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक निधि से ग्राम पंचायतों को 5500 लीटर क्षमता के जी.आई. वाटर टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। इन टैंकरों का संचालन एवं रख रखाव संबंधित ग्राम पंचायतें करेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़कों और भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, जिससे गांवों में सार्वजनिक एवं पारिवारिक आयोजनों के दौरान लोगों को राहत मिलेगी।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि छैगांवमाखन जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायतें:अंजटी, भोजाखेड़ी, छैगांवदेवी, कोंड़ावत, सैयदपुर, टाकलीमोरी, अतर , मोकलगांव , हरसवाड़ा, भोजाखेडी।
पंधाना जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायतें: अजनगांव, बलरामपुर, दीवाल, नानखेड़ा, राजगढ़ दीवाल, पाबइखुर्द , जामलीकला , माकरला, पिपलोद खास एवं राजगढ़ सिंगोट हें। प्रत्येक ग्राम पंचायत को 5500 लीटर क्षमता का जी.आई. वाटर टैंकर नए टायर-ट्यूब सहित उपलब्ध कराया गया है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पेयजल टैंकरों से गांवों में पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में भी सुविधा मिलेगी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधन होने से पंचायतों को आकस्मिक परिस्थितियों में भी राहत कार्यों में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। विधायक छाया मोरे ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों और जनसुविधाओं के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।













