
बहसूमा के रामराज में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती
रामराज, बहसूमा: रामराज स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भगवान विश्वकर्मा जयंती को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर हवन-पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंदिर परिसर में पंडित विजय प्रकाश ने विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया। इस धार्मिक अनुष्ठान में डॉ. धीमान ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने हवन में पूर्ण आहुति देकर धर्म लाभ कमाया। हवन के समापन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
प्रसाद वितरण के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। भंडारे में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विश्वकर्मा समाज संगठन के सदस्य चमनलाल ने भगवान विश्वकर्मा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें ‘दुनिया का पहला इंजीनियर’ और ‘वास्तुकार’ माना जाता है। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन का देवता कहा जाता है।
चमनलाल ने आगे बताया कि भगवान विश्वकर्मा ने न केवल देवी-देवताओं के लिए भव्य भवनों का निर्माण किया, बल्कि उन्होंने अनेक शास्त्रों की रचना भी की थी। इसी कारण सभी औजारों और उपकरणों पर उनका प्रभाव माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान अंडर ट्रेनिंग डीएसपी कृष राजपूत ने भी मंदिर का दौरा किया। उन्होंने आयोजन का निरीक्षण किया और भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव और भक्ति का एक अनुपम उदाहरण बना।






