
चौपारण (हजारीबाग): एसआईआर (SIR) द्वारा जारी नोटिस के जवाब को लेकर शनिवार को ग्राम मध्यगोपाली में एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का आयोजन किया गया। मुखिया जानकी यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से उन अनुसूचित जाति और अन्य पात्र रैयतों के मामले पर चर्चा हुई, जिनके पास जरूरी दस्तावेज या खतियान उपलब्ध नहीं हैं। बैठक में मौजूद पंचायत सचिव मुकेश कुमार, उपमुखिया प्रतिनिधि मो. मतीन, भाजपा नेता भरत सिंह, पुष्पा सिंह और वार्ड सदस्य कामेश्वर साव सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ग्राम सभा के माध्यम से हर संभव सहयोग किया जाएगा। मुखिया ने आश्वस्त किया कि कागजात की कमी के कारण किसी भी योग्य व्यक्ति का अधिकार प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।












