
चौपारण :चौपारण थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस ने एक बड़ी तकनीकी पहल की है। थाना क्षेत्र के संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर अब ई-बीट पुलिसिंग सिस्टम लागू कर दिया गया है। इसके तहत पुलिसकर्मी अब ‘रक्षक ऐप’ के जरिए ड्यूटी करेंगे और हर पॉइंट पर लगे विशेष क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करेंगे। इस नई हाईटेक प्रणाली से पुलिस की गश्ती व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और डिजिटल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए प्रखंड के कई महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां क्यूआर कोड स्थापित किए गए हैं। गश्ती पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर इन बीट पॉइंट्स पर पहुंचना होगा। वहाँ पहुँचकर वे जैसे ही रक्षक ऐप से क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे, उनका एक डिजिटल रिकॉर्ड तुरंत सर्वर पर दर्ज हो जाएगा।इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि थाने के वरिष्ठ अधिकारी सीधे अपने मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन पर यह देख सकेंगे कि पुलिसकर्मी समय पर ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचे या नहीं। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस की इस सक्रिय डिजिटल मौजूदगी से जहाँ एक ओर असामाजिक तत्वों और अपराधियों में खौफ पैदा होगा, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी। तकनीक आधारित इस नई पहल से आने वाले दिनों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।












